प्रतिनिधि, जहानाबाद. कड़ौना थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ खेत मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान रघुनाथपुर गांव निवासी देवशरण यादव (60) के रूप में हुई है. वह खेत में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे.
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, देवशरण यादव दिनभर खेत में मेहनत-मजदूरी करने के बाद देर शाम घर लौट रहे थे. इसी दौरान वह पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग 22 को पार कर रहे थे. तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया. हादसे में देवशरण यादव गंभीर रूप से घायल हो गये.
इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये परिजन
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से परिजन गंभीर रूप से घायल देवशरण यादव को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार के भरण-पोषण का थे सहारा
मृतक के परिजनों ने बताया कि देवशरण यादव दूसरे के खेत में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शुरू की वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद कड़ौना थाना प्रभारी रामजी पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके.
ALSO READ : जहानाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिला इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर का शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
