Jehanabad Baba Siddheshwar Nath Temple: श्रावण माह के सोमवार के अवसर पर बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए देर रात्रि जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मेला एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित जलाभिषेक के लिए विधि-व्यवस्था, भीड़ एवं कतार प्रबंधन, सुरक्षा, मेडिकल कैंप, पेयजल, कंट्रोल रूम एवं साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जांच की. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहते हुए अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया. अधिक भीड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखते हुए भीड़ नियंत्रित करने तथा जलाभिषेक के लिए आवागमन सुचारू बनाए रखने को कहा गया.
मेडिकल कैंप में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया. उन्होंने प्रतिनियुक्त चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहने तथा किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मेडिकल कैंप में सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने को भी कहा गया.
पेयजल की सतत उपलब्धता रखने का निर्देश
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को मेला क्षेत्र के सभी निर्धारित स्थलों पर पेयजल की सतत एवं पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्या को देखते हुए सभी पेयजल बिंदुओं को लगातार क्रियाशील रखने तथा किसी भी स्थल पर पेयजल की कमी नहीं होने देने को कहा गया.
कंट्रोल रूम से लगातार उद्घोषणा के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से नियमित उद्घोषणा करने का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रहने, निर्धारित मार्ग का उपयोग करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में लगातार सूचना प्रसारित करने को कहा गया.
ड्रॉप गेट से भीड़ नियंत्रित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान हथियाबोर की ओर अधिक भीड़ होने की स्थिति में ड्रॉप गेट का प्रभावी उपयोग करते हुए भीड़ एवं आवागमन को नियंत्रित करने का विशेष निर्देश दिया गया. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं का दबाव नियंत्रित रखना तथा मंदिर की ओर आवागमन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखना है.
साफ-सफाई पर भी विशेष जोर
मेला एवं मंदिर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. संबंधित पदाधिकारियों को नियमित अंतराल पर सफाई सुनिश्चित करने, कूड़ा-कचरा का समय पर उठाव कराने तथा पूरे मेला क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम जलाभिषेक जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह सतर्क रहें तथा भीड़ बढ़ने अथवा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि कतारबद्ध होकर बाबा सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक एवं दर्शन करें. प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा मेला एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखें. भीड़ वाले स्थानों पर धैर्य एवं संयम बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं का जलाभिषेक सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कोटा किरण कुमार, उप विकास आयुक्त श्री आदित्य कुमार पियूष, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), डीपीओ नमामि गंगे सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
