Jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में राजकीय पुरातात्विक स्थल मीरा बिगहा में प्राप्त मूर्ति के संरक्षण एवं स्थल के समुचित रख-रखाव को लेकर संबंधित पदाधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक हुई. बैठक में मीरा बिगहा पुरातात्विक स्थल से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसकी जिला पदाधिकारी ने विस्तार से समीक्षा की.
मूर्ति के संरक्षण पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने पुरातात्विक महत्व के स्थल और वहां प्राप्त मूर्ति के उचित संरक्षण पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि मीरा बिगहा के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व को ध्यान में रखते हुए मूर्ति का समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए. साथ ही परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया.
साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश
डीएम ने भीबी जी राम जी योजना के माध्यम से पुरातात्विक स्थल एवं उसके आसपास के परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्थल की स्वच्छता और बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा.
फ्रंट गेट निर्माण के लिए एसडीओ को निर्देश
मीरा बिगहा पुरातात्विक स्थल के फ्रंट गेट के निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा को एल्केम से विमर्श कर फ्रंट गेट निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
आपसी समन्वय से काम करने का आदेश
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों और विशेषज्ञों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्थल के पुरातात्विक महत्व को देखते हुए इसके संरक्षण, स्वच्छता और सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी, सहायक संग्रहालयाध्यक्ष गया डॉ. अख्तर रोमानी, एसएनएस कॉलेज के इतिहास विभाग के एचओडी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित थे.
