Jehanabad News : जहानाबाद पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के नेतृत्व में रविवार को पुलिस केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान में एसपी समेत पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की. इस दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर रखने की अपील की.
स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील
श्रमदान करते हुए एसपी किरण कुमार ने कहा कि सभी का कर्तव्य है कि अपने आसपास गंदगी नहीं फैलायें और क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाये रखें. स्वच्छता में ही देवता का वास होता है. एक जिम्मेदार नागरिक के नाते सभी को अपने आसपास के इलाके को स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए. सामूहिक प्रयास से ही सुंदर जहानाबाद का निर्माण किया जा सकता है.
निर्माणाधीन पुलिस भवन का किया निरीक्षण
स्वच्छता अभियान के बाद एसपी ने पुलिस केंद्र परिसर में निर्माणाधीन नये पुलिस भवन का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
एसपी ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने का निर्देश दिया. इस मौके पर लाइन डीएसपी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद थे.
