जहानाबाद में BJP MLC अनिल शर्मा के भतीजे के घर लाखों की चोरी, पंखे और कॉपर वायर तक ले गए चोर

जहानाबाद में भाजपा एमएलसी अनिल शर्मा के भतीजे के बंद घर में चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

Jehanabad News: जहानाबाद जिले में बेखौफ चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. अब बदमाश आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के परिजनों के घरों को भी निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर मोहल्ले का है, जहां भाजपा एमएलसी अनिल शर्मा के सगे भतीजे के बंद घर में लाखों रुपये की चोरी की वारदात हुई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं.

पुणे में तैनात हैं गृहस्वामी, नौकर ने दी चोरी की सूचना

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दीपक कुमार भारतीय रक्षा लेखा विभाग में अधिकारी हैं और वर्तमान में पुणे में कार्यरत हैं. वह भाजपा एमएलसी अनिल शर्मा के सगे भतीजे हैं. दीपक कुमार अपने परिवार के साथ पुणे में रहते हैं और पैतृक मकान की देखभाल के लिए सुबोध कुमार नामक एक नौकर को जिम्मेदारी दी गई थी. बुधवार शाम जब नौकर घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उसने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.

पंखे, कॉपर वायर और पीतल-तांबे के बर्तन भी ले गए चोर

पीड़ित के चचेरे भाई ने बताया कि चोरों ने बेहद आराम से पूरी वारदात को अंजाम दिया. घर के कमरों की तलाशी लेने के बाद बदमाश सात सीलिंग फैन, दीवारों के अंदर लगे बिजली के कॉपर वायर, दो खिड़कियों के लोहे के ग्रिल और लाखों रुपये के पीतल व तांबे के बर्तन भी अपने साथ ले गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.

घटना के बाद पुलिस गश्त पर उठे सवाल

भाजपा एमएलसी के परिजन के घर हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि नगर थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ गए हैं. उनका आरोप है कि नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी.

ALSO READ: जहानाबाद में मदरसे का छात्र और कॉलेज छात्रा लापता, परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >