Jehanabad News : जहानाबाद जिले के सभी सात अंचलों में ई-निबंधन व्यवस्था को लेकर नागरिकों और हितधारकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किये गये. शिविरों में आमजनों को नई ई-निबंधन प्रक्रिया, इसकी सुविधाओं और आवश्यक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गयी. संबंधित अंचलाधिकारियों ने लोगों की शंकाओं और सवालों का समाधान भी किया.
डीड राइटर्स व अधिवक्ताओं को भी किया गया जागरूक
अधिकारियों ने बताया कि ई-निबंधन का उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है. व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए डीड राइटर्स, अधिवक्ताओं, संबंधित पदाधिकारियों और अन्य हितधारकों को भी प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. दस्तावेज के प्रकार, क्रेता-विक्रेता की जानकारी, भूमि एवं संपत्ति का विवरण, शुल्क भुगतान, ओटीपी और ई-साइन समेत पूरी प्रक्रिया समझायी गयी.
माइकिंग से भी लोगों को दी गयी जानकारी
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से भी ई-निबंधन से संबंधित सही जानकारी आमजनों तक पहुंचायी गयी. लोगों को अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की गयी.
पेपरलेस व्यवस्था में हार्ड कॉपी भी मिलेगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पेपरलेस व्यवस्था का मतलब यह नहीं है कि निबंधन के बाद नागरिकों को पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी नहीं मिलेगी. विभागीय निबंधन प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जायेगी, जबकि निबंधन के बाद पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी पूर्ववत उपलब्ध करायी जायेगी.
हेल्प डेस्क से मिलेगी सही जानकारी
ई-निबंधन से संबंधित तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन के लिए जिला अवर निबंधक कार्यालय में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गयी है. जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी भ्रांति, अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें. सही जानकारी के लिए संबंधित अंचल कार्यालय अथवा डीएसआर कार्यालय स्थित हेल्प डेस्क से संपर्क कर ई-निबंधन व्यवस्था का लाभ उठाएं.
