भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देश पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अरवल में जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. 9 से 17 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत आयोजित यात्रा की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस और पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी ने की. बिहार सरकार के खान एवं कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी भी यात्रा में शामिल हुए.
इंडोर स्टेडियम से बालिका उच्च विद्यालय तक पैदल मार्च
तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम, अरवल से 2 बालिका उच्च विद्यालय, अरवल तक पैदल मार्च के रूप में आयोजित की गयी. इसमें छात्र-छात्राओं, पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, जीविका दीदियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
तिरंगे के साथ बच्चे की स्केटिंग बनी आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा का सबसे खास आकर्षण एक बच्चे की स्केटिंग रही. बच्चे ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ इंडोर स्टेडियम से 2 बालिका उच्च विद्यालय तक लगातार स्केटिंग की. पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ स्केटिंग करते हुए बच्चे ने राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया. उसकी प्रस्तुति ने यात्रा में शामिल लोगों और आम नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया.
गांधी और भारत माता की वेशभूषा में दिखे बच्चे
यात्रा के दौरान बच्चों ने महात्मा गांधी और भारत माता की आकर्षक वेशभूषा में अभिनय प्रस्तुत किया. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और देश की गौरवशाली विरासत का संदेश दिया गया. भारत माता और महात्मा गांधी के रूप में सजे बच्चों ने कार्यक्रम में देशभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया.
तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शामिल हुईं जीविका दीदियां
कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने भी बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया. हाथों में तिरंगा लेकर उनकी सहभागिता ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया. जीविका दीदियों की मौजूदगी ने तिरंगा यात्रा को और भव्य बना दिया.
रंगोली से दिया एकता और अखंडता का संदेश
तिरंगा यात्रा के अवसर पर भव्य रंगोली का भी निर्माण किया गया. इसके माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता का संदेश आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया. रंगोली ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक और कलात्मक रंग भर दिया.
डीएम ने कहा, तिरंगा हमारी आन, बान और शान
डीएम अमृषा बैंस ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. इसके प्रत्येक रंग और अशोक चक्र में भारत की गौरवशाली विरासत, त्याग, शांति, साहस और प्रगति का संदेश निहित है.
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
डीएम ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का आग्रह किया.
बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर 20 सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, मिथिलेश कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जीविका दीदियां, कर्मचारी और जिले के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए.
ALSO RAED: जहानाबाद में तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत, दो गंभीर
