जहानाबाद: प्रशिक्षु DSP अंकित कुमार ने घोसी थानाध्यक्ष के रूप में संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को बताया प्राथमिकता

घोसी थाना में प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार ने नए थानाध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला. उन्होंने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मियों को दिए कड़े निर्देश.

Jehanabad News: जिले के घोसी थाना में नए थानाध्यक्ष के रूप में प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है. पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने थाना परिसर का व्यापक निरीक्षण किया और थाने में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से परिचय प्राप्त कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की. उन्होंने एक-एक कर सभी कर्मियों से बातचीत कर उनके कार्यों और थाना क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक स्थिति का जायजा लिया.

वरीय अधिकारियों को त्वरित सूचना और बेहतर समन्वय के निर्देश

प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में घटने वाली किसी भी संदिग्ध अथवा महत्वपूर्ण घटना की जानकारी तत्काल वरीय पदाधिकारियों के साथ साझा की जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने और कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अपराध नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर

थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थलों, चिह्नित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों तथा पूर्व में घटित प्रमुख कांडों की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर गश्ती तेज करने और थाने पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता व गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

चौकीदारों की साप्ताहिक फटिक ड्यूटी और स्वच्छता पर जोर

पदभार ग्रहण के दौरान नए थानाध्यक्ष ने थाना क्षेत्र में कार्यरत सभी चौकीदारों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक रविवार को थाना परिसर में चौकीदारों के लिए नियमित फटिक ड्यूटी लगाई जाएगी, जिसमें सभी चौकीदार उपस्थित होकर थाना परिसर की साफ-सफाई और रख-रखाव में योगदान देंगे. उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में त्वरित सूचना तंत्र, अनुशासन और आम जनता के साथ शालीन व्यवहार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.

Also Read: जहानाबाद: महंगाई के खिलाफ भाकपा-माले का प्रतिवाद मार्च, सरकार के खिलाफ नारेबाजी की


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >