शादी से पहले ही होनेवाली दुल्हन की बीच सड़क पर भरी मांग, लड़के की पिटाई

लड़की ने दहेज मांगने का आरोप लगा शादी से कर दिया था इंकार

जहानाबाद. शहर में एक अजीबों-गरीब घटना घटी, जो चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल एक होने वाले दूल्हे ने लड़की को बुलाकर बीच सड़क पर ही उसकी मांग भर दी. यह बात लड़की के पूर्व कथित प्रेमी को नागवार गुजरी और उसने होने वाले दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी और उसका सिर फोड़ दिया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक राकेश को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि लड़की का कथित पूर्व प्रेमी फरार है. गया जिले के बेलागंज थाना अंतर्गत नीमचक गांव के राकेश कुमार की शादी जहानाबाद के काको थाना अंतर्गत नोनही गांव की एक लड़की से तय हुई थी. इसके बाद होने वाले दूल्हा-दुल्हन एक दूसरे से मोबाइल पर बात करने लगे. इसी बीच लड़की ने लड़के पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए शादी से इंकार कर दिया. यह बात होने वाले दूल्हे को नागवार गुजरी और उसने लड़की को जहानाबाद मिलने के लिए बुलाया. जहानाबाद आने के बाद होने वाले दूल्हे ने लड़की से पहले कोर्ट में चलकर शादी करने की बात कही. जब लड़की, इसके लिए तैयार नहीं हुई तो फिर इसके बाद बीच सड़क पर ही उसने लड़की की मांग भर दी. लड़की के साथ उसकी कथित प्रेमी भी आया था, जिसने यह सब देखकर होने वाले दूल्हे राकेश को पीटना शुरू कर दिया. मारपीट करने और सिर फोड़ने के बाद वह फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से राकेश को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गयी. राकेश पिटाई करने वाले युवक को लड़की का प्रेमी बता रहा है. इधर, लड़की घायल राकेश के साथ ही सदर अस्पताल भी पहुंची. लड़की का आरोप है कि ये लोग दहेज और गाड़ी मांग रहे थे जिसके कारण उसने अपने माता-पिता से शादी से इंकार कर दिया था. लड़की ने बताया कि सुबह लड़के की मां ने उसकी मां से बात की थी जिसमें उसकी मां ने रुकने के लिए कहा था. इसी बीच उन्होंने मुझे बुलाया और बीच सड़क पर ही मांग भरने लगे. लड़की पिटाई करने वाले युवक को अपना प्रेमी बताने से इंकार कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >