जहानाबाद नगर : शहर में जाम की समस्या जब नासूर बन गयी, तब प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला कर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इससे शहरवासियों को थोड़ी राहत मिली है. वहीं दूसरी तरफ ओवर लोडिंग की समस्या भी विकराल रूप धारण करने लगी है. शाम ढलते ही शहर की सड़कों पर बालू लदे ट्रकों की भरमार हो जाती है. ऐसे में सड़क पर पैदल चलना या छोटे वाहनों से चलना जान जोखिम में डालने के समान हो जाता है.
ओवर लोडेड ट्रकों के कारण ही शहर में पिछले कई दिनों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. दो दिन पूर्व शहर के उंटा सब्जी मंडी के समीप बालू लदे ट्रक द्वारा ही एक बाइक सवार को रौंद दिया गया था,जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गयी थी. वहीं शनिवार की रात ही नगर थाना के समीप ओवर लोडेड ट्रक द्वारा ही बाइक सवार को ठोकर मारी गयी थी, जिससे बाइक पर सवार एक युवक की जान चली गयी. जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.
शहर में ओवर लोडिंग के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाएं के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है. जिले के घोसी व हुलासगंज के इलाके में स्थित फल्गु नदी से प्रतिदिन हजारों की संख्या में ट्रक बालू लोड करते हैं. अधिकतर ट्रक ओवर लोडेड होते हैं, जो सड़क पर चलने वाले पैदल यात्रियों तथा दो पहिया वाहन चालकों के लिए काल के समान होते हैं. शाम ढलते ही शहर की सड़कों पर बालू लदे ट्रकों की लंबी लाइन लग जाती है, जो छोटे वाहनों के लिए परेशानी का सबब होता है.
