परेशान रहे यात्री,ढाई घंटे बाद पटना-गया रेलखंड पर स्थिति हुई सामान्य
अप व डाउन लाइन पर कई ट्रेनों का परिचालन घंटों रहा बाधित
जहानाबाद : पटना-गया रेलखंड पर मंगलवार की शाम करीब चार बजे एक पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल हो जाने से यात्रियों में अफरातफरी मच गयी. जहानाबाद कोर्ट हॉल्ट से दक्षिण रामलखन सिंह यादव कॉलेज के पास 49/17 वें किलोमीटर के समीप 53213अप पटना गया सवारी गाड़ी का इंजन अचानक बंद हो गया.
ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच खलबली मच गयी. उक्त ट्रेन जहानाबाद रेलवे स्टेशन से तीन बजकर 50 मिनट पर खुली थी और उक्त कॉलेज के पास अचानक बंद हो गयी. इंजन के चालक ने सुधार की दिशा में कई प्रयास किये लेकिन कोशिश नाकाम साबित हुई. इसकी सूचना पाकर रेलवे के अधिकारियों ने टेहटा स्टेशन से एक दूसरा इंजन लाया और करीब ढाई घंटे बाद छह बजकर 35 मिनट पर ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ. इधर इसका असर पटना-गया रेलखंड के अप व डाउन लाइन पर चलने वाली ट्रेनों पर पड़ा. 63253अप पटना गया मेमु सवारी गाड़ी जहानाबाद स्टेशन पर करीब दो घंटे तक खड़ी रही.
पटना-गया डिहरी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन भी करीब आधे घंटे बाधित रहा.
इस ट्रेन को तारेगना और नदौल स्टेशन पर कुछ देर के लिए खड़ा रखा गया था. चुकि उक्त पैसेंजर ट्रेनों से ही गया से पटना की ओर लौटती है इस कारण डाउन लाइन की 53214 एवं 63258 गया -पटना सवारी गाड़ी का परिचालन भी करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा. उक्त स्थितियों से पीजी रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.
