आगरा में पीएम व चंडीगढ़ में अमित शाह की रैली पर िकया कटाक्ष
कानपुर में पटना-इंदौर ट्रेन हादसे में मृत 108 लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जतायी
जहानाबाद सदर : भाषण में संवेदना और राजनीति में रैली. यह गिरते राजनीतिक स्तर की पराकाष्ठा है. उपरोक्त बातें जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने स्थानीय परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं. उन्होंने कानपुर में पटना-इंदौर ट्रेन हादसे में मृत 108 लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जतायी. दु:ख की इस घड़ी में पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ है. यही वजह रहा कि राज्य सरकार का अहम रिपोर्ट कार्ड एक साल होने के उपलक्ष्य में जारी होना था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रेल हादसा के कारण रिपोर्ट कार्ड जारी नहीं किया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कानपुर से सटे आगरा में राजनीतिक रैली की तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चंडीगढ़ में रैली की. दोनों नेताओं भाषण में तो मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना तो जतायी, लेकिन उत्तरप्रदेश में ही इतना बड़ा रेल हादसा हुआ और वहीं राजनीति रैली करना राजनीति के गिरते स्तर की पराकाष्ठा है. रेलमंत्री हादसा होने के 15 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं. यही नहीं एक ओर प्रधानमंत्री 1000 एवं 500 के नोट को रद्दी कागज बता रहे हैं, वहीं मृतक के परिजनों को मुआवजा में वही नोट दिया जा रहा है. यह काफी हास्यास्पद स्थिति है. उन्होंने सुशील मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रोटोकोल मंत्री का आज चुप क्यों हैं. संवाददाता सम्मेलन में जदयू के जिलाध्यक्ष राजीव नयन उर्फ राजू भी उपस्थित थे.
