जहानाबाद : एसडीपीओ अशफाक अंसारी ने छठ पर्व के मौके पर विशेष चौकसी बरतने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया है. शुक्रवार को वे अपने कार्यालय कक्ष में क्राइम मीटिंग कर रहे थे. अनुमंडल क्षेत्र के अधीन थाने व ओपी के पुलिस अफसरों को विशेष निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर संबंधित क्षेत्रों के थानाध्यक्ष अपने-अपने इलाके के छठ घाटों पर सावधानी बरतें, जिस घाट के जलाशय में गहरा पानी है उसकी मापी करा लें और एहतियात के तौर पर सुरक्षा के लिहाज से वहां निगरानी रखें.
इसके अलावा संबंधित थाना व ओपी क्षेत्रों के इलाके में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस गश्त तेज करने का निर्देश दिया गया है. बताया गया कि जिस छठ घाट के जलाशय में गहरा पानी है वहां प्रशासनिक स्तर से की जानेवाली बैरिकेडिंग के भीतर ही लोगों को रहने की नसीहत दें. क्राइम मीटिंग में थानावार कांडों की समीक्षा की गयी. दर्ज मामलों के निष्पादन में तत्परता दिखाने का निर्देश दिया गया. क्राइम मीटिंग में एसडीओ नवल किशोर चौधरी भी पहुंचे.
उन्होंने भी पुलिस पदाधिकारियों को छठ के मौके पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. साथ ही साथ शहर में यातायात व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने कहा कि बेतरतीब ढंग से टेंपो और बाइक चलाने, जहां तहां अवैध पार्किंग करने से यातायात की स्थिति बिगड़ जाती है.
