जहानाबाद नगर : पटना जिले के सिगोड़ी थाना क्षेत्र के बहादुरगंज के रहनेवाले झलक राम के मासूम बच्चे की मौत जाम के कारण हो गयी. जाम रहने से वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाया जिससे उसकी जान चली गयी. बताया जाता है कि झलक राम के घर एक वर्ष पूर्व जुड़वां बच्चे जन्म लिये थे. इनमें एक का नाम अंकित तथा दूसरे का कुणाल रखा गया. दो दिन पूर्व दोनों की तबीयत खराब हो गयी थी.
गुरुवार की सुबह झलक राम अपने दो बच्चों को सदर अस्पताल जहानाबाद लेकर आ रहे थे. रास्ते में जाम के कारण जिस बस से वे जहानाबाद आ रहे थे उस बस ने उन्हें वभना में ही उतार दिया. बसचालक का कहना था कि जाम के कारण वह मुख्यालय तक नहीं जा सकता है.
बस से उतरने के बाद वह सदर अस्पताल आने के लिए ऑटो का सहारा लिया, लेकिन ऑटो ने भी जहानाबाद कॉलेज के समीप उसे उतार दिया. उसका भी यही कहना था कि राजाबाजार रेलवे अंडरपास में जाम लगा है जिसके कारण वह आगे नहीं जा सकता है. ऐसे में वह अपने दोनों मासूमों को लेकर पैदल ही अस्पताल के लिए निकल पड़ा. जब वह अस्पताल पहुंचा और चिकित्सक के पास गया तब चिकित्सक द्वारा बच्चे की जांच के बाद उसके एक बच्चे अंकित को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे बच्चे का इलाज कराया गया. बच्चे की मौत से आहत उसके पिता ने जाम को मौत का कारण बताते हुए इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया.
