टैक्स चोरी की आशंका में रडार पर हैं कई और व्यवसायी
करीब आठ घंटे तक कागजात खंगालती रही इनकम टैक्स की टीम
जहानाबाद : शहर के नामी ज्वेलरी दुकान अनुराधा ज्वेलर्स में बुधवार की दोपहर इनकम टैक्स की टीम ने छापेमारी कर जांच-पड़ताल की. सट्टी मोड़ के समीप संचालित उक्त दुकान में करीब 8 घंटे से ज्यादा समय तक तलाशी के साथ-साथ कागजातों की जांच की गयी. असिस्टेंट कमिश्नर सुबोध राय के नेतृत्व में पहुंची इनकम टैक्स की टीम सीधे दुकान में पहुंची और कागजात की मांग की. आशंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त ज्वेलरी के संचालक द्वारा टैक्स की चोरी की जा रही थी.
टीम खरीद- बिक्री रसीद के साथ-साथ कर भुगतान की रसीद भी खंगाल रही है. शहर में अचानक पड़े इनकम टैक्स के छापे से कई दुकानों के शटर डाउन हो गये. अचानक हुई इस छापेमारी से कई दुकानदार एलर्ट भी हो गये. इस बाबत असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि शहर के और भी कई दुकानों के रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी है. कभी भी किसी वक्त उन दुकानों में टीम का छापा पड़ सकता है. ये लोग लंबे समय से कर की चोरी में लगे हैं. गया से पहुंची उक्त टीम देर शाम तक अनुराधा ज्वेलर्स में बैठी रही और बारीकी से कागजातों की जांच करती रही. कहा कि कर चोरी का सबूत मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी. छापेमारी से शहर के व्यवसायियों में हड़कंप मचा है.
