जहानाबाद पुलिस का विशेष अभियान सफल, 11 आरोपी गिरफ्तार, दबिश के बाद सात ने किया आत्मसमर्पण

जहानाबाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर चोरी, धोखाधड़ी और शराब तस्करी के मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 7 अपराधियों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया.

Jehanabad News: जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जहानाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर सोमवार की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान चोरी, धोखाधड़ी, शराब तस्करी और वारंट से जुड़े मामलों में कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. वहीं पुलिस की लगातार दबिश के कारण सात अभियुक्तों ने जहानाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

चोरी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तारी

काको थाना पुलिस ने चोरी के मामले में पटना जिले के मसौढ़ी थाना अंतर्गत मलकाना निवासी नामजद आरोपी गोलू उर्फ नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया है. वहीं नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में अरवल जिले के बैदराबाद मुरादपुर उजरा निवासी धर्मवीर कुमार को गिरफ्तार किया है. उस पर पैसे के लेन-देन में धोखाधड़ी करने का आरोप है.

शराब तस्करी और सेवन के मामलों में कार्रवाई

शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत नगर थाना पुलिस ने निजामुद्दीनपुर निवासी राजा मांझी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके ठिकाने से 15 लीटर शराब भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी पर शराब निर्माण और बिक्री का आरोप है.

इसके अलावा शराब सेवन के आरोप में कड़ौना थाना पुलिस ने मदारपुर निवासी सूरज कुमार तथा पश्चिम चंपारण जिले के जोगापट्टी थाना क्षेत्र के अमथिया निवासी गणेश गिरी और सुरेश गिरी को गिरफ्तार किया है.

काको थाना पुलिस ने गया जिले के नूरसराय निवासी प्रमोद कुमार और काको थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी अरुण कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया है. वहीं परसबिगहा थाना पुलिस ने पंडुई निवासी अनूप कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

कुर्की वारंटी भी गिरफ्तार

घोसी थाना पुलिस ने अलीगंज निवासी कुर्की वारंटी पवन कुमार को गिरफ्तार किया है. उसके विरुद्ध न्यायालय से कुर्की का आदेश जारी था.

सात अभियुक्तों ने किया आत्मसमर्पण

पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबिश के कारण विभिन्न मामलों में वांछित सात अभियुक्तों ने जहानाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अपराधियों पर साफ दिखाई दे रहा है.

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, शराब तस्करों, फरार वारंटियों और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित छापेमारी और वाहन जांच अभियान जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Nikhil Anurag

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >