जमुई में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित ट्रक यात्री शेड में घुसा, पूरा ढांचा हुआ ध्वस्त

Truck Accident in Jamui: जमुई में ट्र्क चालक को आई झपकी और सड़क किनारे बने यात्री शेड में जा घुसा ट्रक, बाल-बाल बचे लोग

Truck Accident in Jamui: लक्ष्मीपुर से रिपोर्ट. जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कोहबरवा-झाझा-धमना मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने यात्री शेड में जा घुसा, जिससे पूरा यात्री शेड ध्वस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय यात्री शेड में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई. हालांकि ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया.

जीनहारा बाजार में देर रात हुई घटना

जानकारी के अनुसार यह घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के जीनहारा बाजार में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक अचानक सड़क से अनियंत्रित होकर यात्री शेड की ओर मुड़ गया और सीधे उसमें जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

चालक को झपकी आने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक कोहबरवा की ओर से बालू लोड करने जा रहा था. इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. नतीजतन ट्रक सड़क किनारे बने यात्री शेड में जा घुसा. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त यात्री शेड की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद ट्रक को जब्त कर थाना परिसर लाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

स्थानीय लोगों ने जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि जीनहारा बाजार का यह यात्री शेड राहगीरों और बस यात्रियों के लिए काफी उपयोगी था. इसके ध्वस्त होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. लोगों ने प्रशासन से जल्द नए यात्री शेड के निर्माण की मांग की है.

Also Read: टाल क्षेत्र में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री! STF की रेड में बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >