लक्ष्मीपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत मटिया राजपूत टोला में महाकुंभ स्नान करने गए एक दंपती के घर काे चोरों ने निशाना बना लिया. ताला तोड़ कर चोरों ने घर में रखे जेवर समेत अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. घटना की सूचना तब हुई जब दंपती वापस अपने घर पहुंचे. घर के मेनगेट का ताला टूटा देख जब अंदर प्रवेश किया तो चोरों का उत्पात दिखा. पीड़ित दंपती मटिया राजपूत टोला निवासी स्व परमेश्वर सिंह के पुत्र राकेश कुमार सिंह ऊर्फ खेमन सिंह ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एसआइ सावन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और पूरे मामले की जांच की. पीड़ित राकेश सिंह ने बताया कि वे चार दिन पूर्व अपनी पत्नी के साथ महाकुंभ स्नान करने प्रयागराज गये थे. घर में बड़ा बेटा प्रणव था, जो आक्सफोर्ड स्कूल में वर्ग नवम का छात्र है. 25 फरवरी को प्रणव भी अपने ननिहाल झारखंड के धनबाद चला गया. 25 फरवरी से 27 फरवरी तक घर में कोई भी सदस्य नहीं था. इसी दरम्यान 27 फरवरी की रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर घर के एक एक कमरे को खोला और घर में रखे ट्रंक का ताला तोड़ उसमें रखे जेवरात व अन्य सामान की चोरी कर ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
