जमुई. जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के गिद्धेश्वर जंगल के समीप बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी. इस सड़क हादसे में वाहन पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही गरही थानाध्यक्ष बिपिन चंद्र पालटा एवं एसआइ जितेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया. बाद में जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को हटाकर थाना लाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मीना देवी ने बताया कि वे लोग मल्लेपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर बुधवार की सुबह करीब 10 बजे स्कॉर्पियो से गरही लौट रहे थे. इसी दौरान गिद्धेश्वर जंगल के समीप चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से टकरा गया. गनीमत रही कि टक्कर से पहले ही स्कॉर्पियो का एयरबैग खुल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. इस दुर्घटना में मीना देवी, उनकी पुत्री शोभा देवी तथा पुत्र संगम राज गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज जमुई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं.
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकरायी, तीन गंभीर घायल
जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के गिद्धेश्वर जंगल के समीप बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी.
