जमुई. नगर थाना क्षेत्र के नीमा रंग मोहल्ला निवासी निर्मल सिंह की मौत के बाद बुधवार की सुबह स्थानीय लोग व परिजन आक्रोशित हो गये. आक्रोशित लोगों ने सुबह करीब आठ बजे से जमुई-खैरा मुख्य मार्ग स्थित नीमा रंग मोहल्ला के समीप सड़क जाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी व मृतक के परिजन को नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे. सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और जाम स्थल पर वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. बताया जाता है कि बीते शनिवार को निमा रंग में रंजय सिंह और उसके भाई गोरेलाल सिंह के बीच आपसी विवाद हो रहा था. इसी दौरान निर्मल सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे. इस दौरान रंजय सिंह और उसके बेटे सत्यम सिंह उर्फ लाली तथा शिवम सिंह ने लोहे की रॉड से निर्मल सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे. मंगलवार को इलाज के दौरान पटना में उसकी मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सड़क जाम कर लोगों ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे. लगभग घंटों मशक्कत के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी व उचित मुआवजा के आश्वासन देने के बाद जाम हटाया गया. लगभग दो घंटे तक रहे सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. बताया जाता है कि मृतक निर्मल सिंह गैस एजेंसी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे और अपने पीछे दो छोटी-छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. परिवार के सामने अब भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
झगड़ा छुड़ाने गया युवक मारपीट में हुआ था घायल, मौत के बाद लोगों न किया सड़क जाम
नगर थाना क्षेत्र के नीमा रंग मोहल्ला निवासी निर्मल सिंह की मौत के बाद बुधवार की सुबह स्थानीय लोग व परिजन आक्रोशित हो गये.
