झाझा. विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए नगर अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र निराला की अध्यक्षता में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया. प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिनंदन प्रजापति ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के खतरे को देखते हुए युवाओं को आगे आकर पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी. हर व्यक्ति को कम-से-कम एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेनी चाहिए. नगर अध्यक्ष डॉ निराला ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमें पूरे वर्ष पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है. उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण करने तथा स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया. पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रूपेश भारती ने कहा कि पृथ्वी दिवस पर हम सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेनी चाहिए. पेड़ लगाना, जल बचाना और प्रदूषण कम करना समय की आवश्यकता है. स्वच्छ और हरित पृथ्वी के लिए सामूहिक प्रयास से ही भविष्य सुरक्षित रहेगा. मौके पर नगर कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, कुमार हर्ष, विवेक सिन्हा, रोहित यादव, निवास दास ने सम्मिलित रूप से पौधरोपण किया तथा स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया. मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे.
विश्व पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए नगर अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र निराला की अध्यक्षता में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया.
