Jamui School News : बरहट प्रखंड की लखैय पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मकतब पूर्णाडीह एक बार फिर चर्चा में है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक मोहम्मद नौशाद अंसारी रविवार को सुबह करीब 11 बजे विद्यालय से बाहर चले गए और दोपहर लगभग 3 बजे लौटे. इस दौरान उनकी कक्षा के छात्र शिक्षक का इंतजार करते रहे और नियमित पढ़ाई नहीं हो सकी.
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित शिक्षक बिना किसी वैध कारण के लंबे समय तक विद्यालय से अनुपस्थित रहे. उनका आरोप है कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई और शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी हुई. ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक पिछले 18 वर्षों से इसी विद्यालय में कार्यरत हैं और उनका घर विद्यालय से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
प्रधानाध्यापक ने दी यह सफाई
इस मामले में प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय की एक शिक्षिका अवकाश पर थीं, जबकि एक सहायक शिक्षक आवश्यक कार्य से बाहर गए थे. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय अवधि के दौरान किसी शिक्षक का लंबे समय तक अनुपस्थित रहना छात्रों के हित में नहीं है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं कई अव्यवस्थाएं
ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं. हाल ही में निरीक्षण के दौरान अधूरी बाउंड्री वॉल, अधूरा किचन शेड, कक्षा संचालन के समय परिसर में घूमती बकरियां तथा प्रधानाध्यापक कक्ष में बिखरे उपकरण जैसी कई अव्यवस्थाएं देखी गई थीं. इन स्थितियों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं.
शिक्षा विभाग ने जांच का दिया आश्वासन
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है. उन्होंने कहा कि विद्यालय का निरीक्षण कराया जाएगा. जांच में यदि किसी शिक्षक या कर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी.
कार्रवाई पर टिकी हैं ग्रामीणों की निगाहें
अब ग्रामीणों और अभिभावकों की नजर शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर है. उनका कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष हुई और दोषियों पर कार्रवाई हुई, तभी सरकारी विद्यालयों में अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा.
