चकाई प्रखंड अंतर्गत हरियांधी गांव निवासी युवक संतोष कुमार की सूरत में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी. सोमवार को सूरत के डिंडोली फाटक के पास रेलवे पटरी किनारे उसका शव मिला. घटना युद्धना थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. मौत की खबर मिलते ही हरियांधी गांव में परिजनों के बीच मातम पसर गया.
मजदूरी करने सूरत गया था संतोष
मृतक की पहचान हरियांधी गांव निवासी बरमू पासवान के पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि संतोष कुमार सूरत में रहकर मजदूरी करता था और अपने भाई के साथ रहता था. रविवार की रात वह किसी काम से बाहर निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
काफी देर तक संतोष के वापस नहीं लौटने पर उसके भाई और साथ रह रहे दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की. सोमवार को डिंडोली फाटक के पास रेलवे पटरी किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही सूरत में रह रहे संतोष के भाई और परिचित मौके पर पहुंचे. स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्रवाई जारी रही.
परिवार का था एकमात्र कमाऊ सदस्य
संतोष की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गयी. बताया जाता है कि वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोस्तों और रिश्तेदारों के सहयोग से संतोष का शव एंबुलेंस के माध्यम से सूरत से हरियांधी गांव लाया जा रहा है. गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
