जमुई में 12 घंटे में छह लोगों को सांप ने डसा, एक महिला की हालत गंभीर, डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी

Jamui Snake Bite Alert : जमुई जिले में सांप डसने की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है. पिछले 12 घंटों में छह लोग सर्पदंश का शिकार हुए हैं, जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Jamui Snake Bite Alert : जमुई जिले में सोमवार देर शाम से मंगलवार सुबह तक अलग-अलग प्रखंडों में सांप के काटने की छह घटनाएं दर्ज की गईं. सभी पीड़ितों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटीवेनम देकर उपचार शुरू किया. लगातार सामने आ रहे मामलों ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना दिया है.

खेत से लौट रही महिला को सांप ने काटा, हालत गंभीर

गिद्धौर थाना क्षेत्र के भौराटांड़ गांव निवासी शिवराज यादव की पत्नी आरती देवी को सोमवार शाम करीब सात बजे खेत से घर लौटने के दौरान जहरीले सांप ने काट लिया. परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया. पूरी रात इलाज चलने के बावजूद मंगलवार सुबह उनकी तबीयत और बिगड़ गई. इसके बाद चिकित्सकों ने दोबारा एंटीवेनम दिया और फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है.

पांच अन्य मरीज खतरे से बाहर

अन्य पीड़ितों में चांनन गांव निवासी बलवीर कुमार, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी लक्ष्मण शर्मा, सिकंदरा निवासी बच्चू यादव, भुल्लो गांव निवासी केशव यादव तथा बिंदेश्वरी यादव शामिल हैं. अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी का इलाज सदर अस्पताल में किया गया और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.

बारिश और जलभराव से बढ़ा सांपों का खतरा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लगातार बारिश और जलभराव के कारण सांपों के बिलों में पानी भर गया है. इससे सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में खेतों, खलिहानों और रिहायशी इलाकों की ओर निकल रहे हैं. यही वजह है कि इन दिनों सर्पदंश की घटनाओं में तेजी देखी जा रही है.

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सतर्क

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. रात में घर से बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करने, झाड़ियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सतर्क रहने तथा सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है. समय पर एंटीवेनम और चिकित्सकीय उपचार से अधिकांश मामलों में मरीजों की जान बचाई जा सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >