Jamui Viral Video: जमुई. शहर के सिरचंद नवादा मोहल्ले में जमीन विवाद सुलझाने पहुंची डायल-112 पुलिस टीम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पुलिसकर्मी पर कथित रूप से पिस्तौल तानने और धमकी देने का आरोप लगाया जा रहा है. घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है.
28 जुलाई को जमीन विवाद के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को सिरचंद नवादा मोहल्ले में जमीन विवाद की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पुलिस तथा कुछ स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई.
वायरल वीडियो में दिख रहा विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित रूप से कमर से पिस्तौल निकालकर सामने खड़े युवक की ओर इशारा करता दिखाई दे रहा है. वहीं कुछ युवक पुलिसकर्मी से तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज करते भी नजर आ रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पीड़ित ने एसपी को दिया आवेदन
सिरचंद नवादा निवासी पुरुषोत्तम कुमार ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें फोन कर पुश्तैनी जमीन पर बुलाया था. वहां पहुंचने पर बबलू पंडित, अमित कुमार, प्रकाश पंडित और संजय साव पहले से मौजूद थे. उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट आई. साथ ही दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर दुर्व्यवहार करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
एसपी बोले- वीडियो और पूरे मामले की होगी जांच
amui Viral Video: पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि वायरल वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ आक्रामक व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करते भी दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि पूरे मामले और वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
