जमुई में तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को रौंदा, महिला की मौत, तीन गंभीर

Jamui Accident: जमुई में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

Jamui Accident: जमुई शहर में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. टाउन थाना क्षेत्र के कवैया मुसहरी के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन सड़क किनारे बैठे चार लोगों पर चढ़ गया. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

काम खत्म कर लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, झखुआ मुसहरी निवासी कारु मांझी, उनकी पत्नी बेचनी देवी, चुनचुन मांझी और सरिता देवी किसी काम से कवैया मुसहरी गए थे. काम समाप्त होने के बाद सभी सड़क किनारे बैठे हुए थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया और चारों को रौंदते हुए निकल गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

महिला की मौके पर मौत, तीन लोग गंभीर घायल

दुर्घटना में कारु मांझी की पत्नी बेचनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं कारु मांझी, चुनचुन मांझी और सरिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इनमें दो घायलों का इलाज शहर के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है, जबकि एक घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

चालक वाहन लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की पहचान करने और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन इंदपे गांव का बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है.

हर पहलू से हो रही जांच

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद मामले में आपसी समझौते की भी कोशिश की जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >