जमुई. मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर सदर प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय इंदपै में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामीण भी वहां उपस्थित हुए और उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाया. विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर सभी ने खुशी जाहिर की और उनका उत्साहवर्धन किया. विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रिया कुमारी ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि सफलता मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है. इन विद्यार्थियों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. उन्होंने अन्य छात्रों को भी इनसे प्रेरणा लेने और निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी. समारोह के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा का विशेष महत्व है और निरंतर अध्ययन से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है. कार्यक्रम के अंत में सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी गयी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी.
मैट्रिक व इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित
मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर सदर प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय इंदपै में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
