पुल से नदी में पलटा शराब लदा वाहन, 324 लीटर शराब बरामद

गरही थाना क्षेत्र में शराब का पीछा करने के दौरान शराब लदे वाहन नदी में गिर गया. हालांकि इस दौरान शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

खैरा. गरही थाना क्षेत्र में शराब का पीछा करने के दौरान शराब लदे वाहन नदी में गिर गया. हालांकि इस दौरान शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. जबकि पुलिस ने मौके से 324 लीटर शराब बरामद की है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस रास्ते से शराब की खेप ले जायी जा रही है. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि बीते शनिवार देर रात यह सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के वाहन में शराब लदा है और वह चनरवर चौक से तेजी से भाग रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गरही चौक पर वाहन जांच शुरू कर दी. इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भागने लगा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया. उन्होंने बताया कि पीछा करने के दौरान गिद्धेश्वर मंदिर से पहले ललदैया कॉजवे पास चालक ने चलती गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की. पुलिस बल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया. चालक के कूदने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया, जिससे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसके बाद पुलिस ने वाहन को बाहर निकालकर उसकी विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन से 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक व्हिस्की के 12 कार्टून में रखा 576 बोतल और गाड़ी में बिखरे 824 बोतल सहित कुल 180 एमएल शराब के 1400 बोतल बरामद किए गए . इसके अलावा 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक सुपीरियर व्हिस्की के 375 एमएल शराब के 8 कार्टून में 192 बोतल शराब भी वाहन से बरामद किया गया. गरही थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त वाहन कुल 324 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है. शराब की सभी बोतलों पर केवल उत्तर प्रदेश के लिए लिखा हुआ है. इस अभियान में थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा, पुलिस अवर निरीक्षक रघुनंदन राघव सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस फरार चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >