गिद्धौर बाजार में दो घंटे तक ठप रहा परिचालन, एंबुलेंस भी फंसी रही

रोजाना लगा रहा जाम, बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार से बिगड़ रहे हालात

गिद्धौर. गिद्धौर बाजारवासी इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहे हैं. शनिवार दोपहर गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जाम की स्थिति मुख्य सड़क से लेकर कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम, थाना चौक होते हुए पेट्रोल पंप तक बनी रही. इस दौरान एंबुलेंस, स्कूल वाहन, बाइक सवार और अन्य यात्री जाम में फंसे रहे. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने से लोगों में नाराजगी देखी गयी.

दिन में बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से शाम तक व्यस्त समय में बालू लदे भारी वाहनों की आवाजाही, सड़क पर वाहन पार्किंग रहने से ही इस तरह की समस्या हो रही है. सबसे आश्चर्य की बात है कि जाम के दौरान यातायात को सुचारू बनाने को लेकर कोई व्यवस्था नहीं दिखी. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गिद्धौर बाजार में जाम की समस्या आम बन चुकी है. इसे लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है. लगातार जाम रहने से आमलोगों के साथ-साथ हमारे व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि दिन के समय बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी जाये. इसे लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाये, ताकि आमजन को इस समस्या से राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >