Dhanraj Singh College: सिकंदरा स्थित धनराज सिंह कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं से रुपये वसूले जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश है. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
वीडियो में रुपये मांगने का किया जा रहा दावा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर कॉलेज कर्मी प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं से रुपये मांगते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि रुपये नहीं देने पर प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने अथवा नंबर नहीं मिलने जैसी बातें कही जा रही हैं. इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शेखपुरा के छात्रों का बनाया गया था परीक्षा केंद्र
जानकारी के अनुसार शेखपुरा के एक कॉलेज के छात्र-छात्राओं का प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र सिकंदरा स्थित धनराज सिंह कॉलेज बनाया गया था. आरोप है कि परीक्षा के दौरान छात्रों से खुलेआम रुपये लिए जा रहे थे. इसी दौरान किसी छात्र ने कथित घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी
वीडियो सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी का माहौल है. लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह परीक्षा की निष्पक्षता और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
कॉलेज की प्रतिक्रिया का इंतजार, विश्वविद्यालय पर टिकी निगाहें
Dhanraj Singh College: फिलहाल इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं अब सभी की निगाहें मुंगेर विश्वविद्यालय पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो की जांच कर मामले में क्या कार्रवाई की जाती है. जांच पूरी होने तक वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
