हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रखंड कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. जिलाधिकारी श्री नवीन, डीडीसी सुभाष मंडल और बीडीओ सुनील कुमार चांद ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया. यात्रा में स्कूली बच्चों के साथ आईसीडीएस, आजीविका, कस्तूरबा विद्यालय और विभिन्न विभागों के कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया.
प्रखंड कार्यालय से महात्मा गांधी चौक तक तिरंगे की शान
तिरंगा यात्रा प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर सोहजना स्थित कर्पूरी चौक, बस स्टैंड, फाड़ी चौक और बजरंगबली चौक होते हुए पुरानी बाजार स्थित महात्मा गांधी चौक पहुंची. यहां यात्रा का समापन किया गया. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे विद्यार्थियों और कर्मियों के उत्साह से पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
यात्रा के दौरान लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की भागीदारी ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया. विभिन्न सरकारी संस्थानों से जुड़े कर्मियों ने भी कदम से कदम मिलाकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाया.
हर घर तिरंगा देशभक्ति की भावना मजबूत करने का प्रयास : डीएम
यात्रा के समापन के बाद जिलाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक भारतीय को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और आजादी के जश्न में गर्व के साथ शामिल होने का अवसर देता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जिले में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज महज एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश के सामूहिक गौरव, एकता और अखंडता का गहरा प्रतिनिधित्व करता है. हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को समझाना है.
बच्चों और कर्मियों के उत्साह की डीएम ने की सराहना
डीएम ने तिरंगा यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों, शिक्षकों, कर्मियों और अन्य लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस उत्साह के साथ सभी ने अभियान में भाग लेकर इसे सफल बनाया, वह सराहनीय है. उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाले ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहने चाहिए.
कार्यक्रम में डीडीसी सुभाष मंडल, बीडीओ सुनील कुमार चांद, डीटीओ सुनील कुमार, जिला जनसंपर्क सूचना पदाधिकारी मोनिका कुमारी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी सुशील प्रसाद, एसडीपीओ केशव कुमार, अंचलाधिकारी निशा सिंह, सीडीपीओ वंदना दास सहित बड़ी संख्या में प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे.
