जमुई . जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत धरमपुर गांव में उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भवन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. इसको लेकर विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों ने अपने हांथों में तख्ती लेकर सोमवार को पैदल मार्च कर समाहरणालय पहुंचे जहां डीएम श्री नवीन को आवेदन देकर शीघ्र नया विद्यालय भवन निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय का पुराना भवन पिछले 10 से 12 वर्षों से जर्जर स्थिति में था, जिसे शिक्षा विभाग के आदेश पर ध्वस्त कर दिया गया. इसके बाद से अब तक नया भवन निर्माण नहीं हो सका है. मजबूरन बच्चों को खुले आसमान के नीचे, कभी पेड़ की छांव में तो कभी सड़क किनारे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है. अभिभावकों का कहना है कि खुले में पढ़ाई के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ठंड और गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. कई बार विद्यालय प्रशासन से लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी तक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे. उन्होंने डीएम से मांग की है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र नया विद्यालय भवन बनवाया जाए, ताकि पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके. मौके पर राकेश कुमार, अंजु देवी, पवन कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.
पैदल चलकर समाहरणालय पहुंचे बच्चे, डीएम से की स्कूल भवन की मांग
जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत धरमपुर गांव में उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भवन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
