बसहा पर सवार होकर दूल्हा बने भोलेनाथ, भूत-प्रेतों संग निकली भव्य बारात

बीते रविवार को प्रखंड भर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.

बरहट. बीते रविवार को प्रखंड भर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. तड़के सुबह 4 बजे से ही भक्तों ने जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों का रुख किया. विशेष रूप से पत्नेश्वर धाम मंदिर और किऊल नदी तट स्थित शिवालयों में आस्था का सैलाब देखने को मिला. हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा. संध्या छह बजे मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गयी. जिसमें भगवान शिव बसहा पर सवार दूल्हे के रूप में विराजमान थे. बारात में भूत-प्रेत बेताल और देवताओं की आकर्षक झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. शोभायात्रा बरहट क्षेत्र से निकलकर पतौना चौक, मलयपुर बस्ती, बरहट मोड़ होते हुए खैरमा गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ बारात का स्वागत किया और पुनः मंदिर तक शोभायात्रा में शामिल रहे.मंदिर परिसर में विधि-विधान से शिव विवाह संपन्न कराया गया. वहीं शाम ढलते ही नुमर, कटौना, पांडो और बरियारपुर सहित आसपास के गांवों के शिवालयों में भी भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा की. स्थानीय मंदिर समितियों ने आयोजन को भव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. पंचायत राज पदाधिकारी शशिकांत वर्मा, मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर शौरभ तथा बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा. आयोजन का संचालन मंदिर सचिव राजीव कुमार पांडेय और पुजारियों की देखरेख में सम्पन्न हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >