जमुई जिले की चकाई पुलिस ने बर्धमान से हाजीपुर जा रहे चावल लदे ट्रक के रहस्यमय तरीके से गायब होने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के पारू और जैतपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर गायब किए गए करीब 400 बोरी चावल को बरामद कर लिया है. इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस टीम सभी गिरफ्तार आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मुजफ्फरपुर से चकाई ला रही है.
चालक को नशा खिलाकर लूट की रची गई थी कहानी
जानकारी के अनुसार, चावल व्यापारी रतन लाल कुमार ने चकाई थाने में ट्रक और चावल गायब होने की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
उन्होंने पुलिस को बताया था कि 12 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बर्धमान स्थित लक्ष्मी नारायण राइस मिल से चावल खरीदकर ट्रक पर लोड कराया गया था. यह ट्रक हाजीपुर के लिए रवाना हुआ था. ट्रक का चालक सह मालिक मो. नियाज (निवासी- बघरियाटांड़, गिरिडीह, झारखंड) खुद इसे चला रहा था.
15 अगस्त की सुबह चालक के भाई ने व्यापारी को फोन कर सूचना दी कि ट्रक और चावल गायब हो गया है तथा चालक पटना के मरांची अस्पताल में भर्ती है. जब व्यापारी अस्पताल पहुंचे, तो चालक ने कहानी रची कि सरौन के पास खाना खाने के दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रक लूट लिया.
पुलिस की जांच में सामने आया सच
चालक की बातों पर संदेह होने के बाद, व्यापारी ने चालक सह मालिक पर ही अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रचने और चावल गायब करने का सीधा आरोप लगाया. मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने तुरंत वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू कर दिया.
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मुजफ्फरपुर से किया बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था. चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार चावल बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को मुजफ्फरपुर जिले के पारू और जैतपुर थाना क्षेत्र में चावल छिपाए जाने की गुप्त सूचना मिली. इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां से लगभग 400 बोरी चावल बरामद कर लिया और तीन लोगों को मौके से धर दबोचा.
रविवार को होगा पूरे नेटवर्क का खुलासा
चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने चावल बरामदगी और तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी और साजिश के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं.
