मुजफ्फरपुर में पति ने लेबर रूम में घुसकर प्रसूता को जबरन लगा दी सूई, स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ-पांव फूले

Bihar news: बोचहा सीएचसी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने जबरन लेबर रूम में घुसकर एक गर्भवती महिला को सूई दे दी. इस घटना से सीएचसी में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.

मुजफ्फरपुर: बोचहा सीएचसी में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने जबरन लेबर रूम में घुसकर एक गर्भवती महिला को सूई दे दी. जैसे ही इसकी जानकारी लेबर रूम में तैनात एएनएम व स्वास्थ्यकर्मियों को हुई, सभी हरकत में आ गये. इसके बाद आरोपित युवक व महिला के पति को पकड़ लिया गया.

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

इस अजीबोगरीब हरकत के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना की सूचना सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अतुल कुमार को दी. जिसके बाद सीएचसी प्रभारी ने मामले की जानकारी बोचहां थाना पुलिस को दी. इधर सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

सीएचसी प्रभारी बोले

सीएचसी प्रभारी ने बताया कि रुदहां की रानी कुमारी को प्रसव के लिए मंगलवार को भर्ती कराया गया था़. बुधवार की सुबह महिला के पति के साथ आये क्वैक ने लेबर रूम में घुस कर उसे एक सूई दे दी. जानकारी मिलते ही आरोपित क्वैक व उसके पति से पूछताछ की गयी़ संतोषजनक जवाब न मिलने पर इसकी सूचना थाना को दी गयी. इसके बाद दोनों को थाना अपने हिरासत में लेकर चली गई.

हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया कि आरोपित क्वैक ने प्रसव के लिए यूट्रस खुलने वाली दवा दी थी. प्रबंधन की ओर से थाना में कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >