वैशाली: आरएन कॉलेज में आरएसएस का युवा शक्ति समागम आयोजित, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

Hajipur News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने आरएन कॉलेज में 'युवा शक्ति समागम' का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में युवाओं को उनके नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर दिया गया. मुख्य वक्ताओं ने युवाओं में संयम, उदारता और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया.

Hajipur News: स्थानीय आरएन कॉलेज के सभागार में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से युवा शक्ति समागम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ प्रभात कुमार ने की. संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने युवाओं को संबोधित किया. संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह समागम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया.

युवाओं को नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि युवाओं को अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजगता लानी होगी. राष्ट्र की उन्नति और विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है. उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है.

राष्ट्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी युवा शक्ति की

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत और समृद्ध बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा शक्ति की है. उन्होंने युवाओं के गुणों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनमें संयम, उदारता, चरित्रवान, गुणवान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र के वास्तविक निर्माता हैं. जब युवा विभिन्न क्षेत्रों में देशहित के लिए कार्य करेंगे, तभी भारत वैभवशाली और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा. उन्होंने युवाओं को नागरिक कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि छोटे-छोटे राष्ट्रीय हित के कार्यों के माध्यम से भी हम अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं.

संघ की शाखा संस्कार और कार्यशक्ति का केंद्र

रामदत्त चक्रधर ने युवाओं, युवतियों एवं माताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा में वर्ष 1925 से ही निरंतर नए प्रयोगों और विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से सामान्य जन में असामान्य कार्यशक्ति और संस्कार विकसित करने का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संघ की शाखा में आने से 'इदं राष्ट्राय: स्वाहा, इदं न मम' का भाव जागृत होता है, जिसकी वर्तमान समय में विशेष आवश्यकता है.

राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन भारत माता की स्तुति तथा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ हुआ. इससे पूर्व कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को पंच परिवर्तन आधारित 10 संकल्प भी दिलाए गए. कार्यक्रम में विभाग सह संघचालक शंभूनाथ, सह जिला संघचालक प्रहलाद चौरसिया, नगर संघचालक सुनील, जिला प्रचारक राहुल, राकेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन सुजीत कुमार ने किया, जबकि अधिकारी परिचय जिलाकार्यवाह दिलीप ने कराया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek shaswat

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >