Hajipur News : भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र की किरतपुर राजाराम पंचायत की पूर्व मुखिया किरण देवी एवं दिलीप साह के पुत्र गोलू कुमार उर्फ बच्चा बाबू की मंगलवार को करंट लगने से मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. गोलू की शादी महज तीन महीने पहले मई में हुई थी.
पंखा लगाने के दौरान आया करंट
जानकारी के अनुसार, गोलू प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह करीब सात बजे अड्डा चौक स्थित अपनी दुकान पर पहुंचा था. दुकान खोलने के बाद उसने कोयले का चूल्हा जलाया. इसके बाद चूल्हे में हवा के लिए पंखा लगा रहा था. इसी दौरान पंखे में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया. करंट का झटका इतना तेज था कि गोलू काफी देर तक पंखे से चिपका रहा.
दुकान पर अकेला था युवक
घटना के वक्त दुकान पर कोई मौजूद नहीं था. कुछ देर बाद किसी व्यक्ति की नजर जमीन पर पड़े गोलू पर गयी. सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग दुकान पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजन उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर गये, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.
तीन महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, गोलू की शादी मई महीने में धूमधाम से हुई थी. वह दो भाइयों में छोटा था और अपने मधुर स्वभाव के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय था. अचानक हुई मौत से उसकी पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
शोक में अड्डा चौक की दुकानें रहीं बंद
गोलू की मौत की खबर फैलते ही अड्डा चौक के दुकानदारों में भी शोक की लहर दौड़ गयी. घटना के विरोध में नहीं, बल्कि शोक जताते हुए मंगलवार को अड्डा चौक की सभी दुकानें बंद रहीं.
