वैशाली: कार की टक्कर से घायल युवक का नौ दिन बाद इलाज के दौरान मौत, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

सड़क पर हुई एक भीषण दुर्घटना में हाजीपुर के तेंदा गांव निवासी 32 वर्षीय सरोज कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. नौ दिन पहले तेज रफ्तार कार ने उन्हें और दो अन्य युवकों को रौंद दिया था. परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़.

Hajipur News : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बलिगांव थाना क्षेत्र के तेंदा गांव निवासी एक युवक की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गई. हादसे के नौ दिन बाद हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया. शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. वहीं दुर्घटना में घायल दो अन्य युवकों का इलाज अब भी चल रहा है.

मुजफ्फरपुर जाने के दौरान हुआ था हादसा

मृतक की पहचान बलिगांव थाना क्षेत्र के चकजादो पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित तेंदा गांव निवासी देवेंद्र राय के 32 वर्षीय पुत्र सरोज कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि दो जुलाई को सरोज अपने छोटे भाई अमित कुमार के साथ बाइक से मुजफ्फरपुर जा रहा था. रास्ते में सीहो स्थित गोपी कार बाजार के पास गांव के ही अरुण कुमार से बातचीत करने के लिए सड़क किनारे रुका था.

तेज रफ्तार कार ने तीनों युवकों को रौंदा

इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में सरोज, उसका भाई अमित और अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने भाग रही कार को पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. घायलों को तत्काल मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सरोज की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

दो घायलों की हालत अब भी गंभीर

पीएमसीएच में पिछले नौ दिनों से सरोज का इलाज चल रहा था. शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हादसे में घायल सरोज का छोटा भाई अमित कुमार और गांव के अरुण कुमार का इलाज मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.परिजनों के अनुसार दोनों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.

गर्भवती पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल

सरोज दो भाइयों में बड़ा था. उसके परिवार में गर्भवती पत्नी और एक छोटी बेटी है. जवान बेटे की मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.

Also Read : अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर हाजीपुर में प्रदर्शन, रेलवे को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Gopal kumar roy

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >