गंगा कटाव से नाराज युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, तेजस्वी यादव को बुलाने की मांग पर अड़ा

राघोपुर में गंगा कटाव से परेशान युवक ने तेजस्वी यादव को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। प्रशासन मौके पर मौजूद है।

Climbed The Tower To Call Tejashwi Yadav : वैशाली के राघोपुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी के भीषण कटाव से नाराज एक युवक सोमवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को मौके पर बुलाने की मांग की. युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया.

कटावरोधी काम शुरू नहीं होने से नाराजगी

मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के नगरगामा गांव निवासी रणविजय के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर रवि अचानक पहाड़पुर पश्चिमी के बजरंगबली चौक के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. ऊपर पहुंचने के बाद वह अपनी मांग को लेकर चिल्लाने लगा.

रवि का कहना था कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी लगातार जमीन को काट रही है. सैकड़ों एकड़ फसल और कई घर कटाव की जद में आ चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कटावरोधी कार्य शुरू नहीं किया गया है. युवक ने तेजस्वी यादव को मौके पर बुलाने की मांग की.

दोनों थानों की पुलिस पहुंची

युवक को टावर पर चढ़ा देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जुड़ावनपुर और राघोपुर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने लगी.

राघोपुर थाने के एसआई राजू कुमार ने बताया कि युवक को लगातार नीचे उतरने के लिए समझाया जा रहा है. उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वह उनकी बात मानकर सुरक्षित नीचे उतर आये.

अपनी मांग को लेकर अड़ा युवक

वहीं, सीओ राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पुलिस बल मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है. खबर लिखे जाने तक रवि टावर से उतरने के लिए तैयार नहीं था और अपनी मांग पर अड़ा हुआ था.

दो दिन पहले तेजस्वी ने किया था निरीक्षण

गंगा कटाव को लेकर राघोपुर में पहले से ही लोगों में नाराजगी है. शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने राघोपुर के बहरामपुर में कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था. इसके अगले दिन रविवार को पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने भी क्षेत्र का जायजा लिया था.

निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि बाढ़ नियंत्रण विभाग जल्द कटावरोधी काम शुरू करेगा. ग्रामीणों का आरोप है कि दो नेताओं के निरीक्षण के बावजूद अब तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ है. गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ कटाव और तेज हो गया है. इसी से नाराज होकर रवि ने मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >