हाजीपुर: मेले में युवक को घेरकर पीटा, तेजाब फेंकने का आरोप; पुलिस बोली- गर्म तेल से झुलसने की बात

हाजीपुर के गोरौल विषहर मेला में युवक पर तेजाब से हमला, पुरानी रंजिश के चलते हुई वारदात। घायल युवक का सदर अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।

Hajipur Crime News : हाजीपुर गोरौल थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश का मामला हिंसक रूप ले लिया. रुकमंजरी चौक पर हुए विवाद के बाद रसूलपुर कोइरी गांव में लगे विषहर मेले में एक युवक के साथ मारपीट की गयी. युवक पर तेजाब फेंकने का भी आरोप लगाया गया है. घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में मेले में गर्म तेल फेंके जाने की बात सामने आ रही है.

चौक पर हुआ था विवाद, लोगों ने कराया था शांत

घायल युवक की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र निवासी शिव प्रसाद राय के पुत्र रविंद्र कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम रुकमंजरी चौक के पास रविंद्र कुमार और गांव के ही राजेंद्र राय के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गयी. विवाद बढ़ने पर मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गये.

मेले में घेरकर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप

इसके बाद सोमवार देर शाम रसूलपुर कोइरी गांव में विषहर मेला लगा था. रविंद्र कुमार मेला घूमने पहुंचा था. आरोप है कि राजेंद्र राय और उसके परिजनों ने उसे मेले में अकेला पाकर घेर लिया. इसके बाद उसके साथ लाठी-डंडों और हाथ से मारपीट की गयी. हमले में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

तेजाब फेंकने का लगाया आरोप

घायल के परिजनों की ओर से रविंद्र पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया गया है. आरोप के अनुसार, हमले में उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किया बयान

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल रविंद्र कुमार का फर्द बयान दर्ज किया. बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मेले में गर्म तेल फेंके जाने की बात भी सामने आ रही है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >