Hajipur News : इंटर के रिजल्ट में वैशाली का जलवा, आर्ट्स व कॉमर्स में लड़कियां स्टेट टॉपर

इंटर आर्ट्स में 94.6 प्रतिशत अंक लाकर वैशाली की अंकिता कुमारी स्टेट टॉपर बनी हैं. वहीं, इंटर कॉर्मस की परीक्षा में 95 प्रतिशत मार्क्स लाकर वैशाली की रौशनी कुमारी स्टेट टॉपर बनी है. इधर, इंटर साइंस की परीक्षा में वैशाली के प्रशांत कुमार ने 95.4 प्रतिशत अंक लाकर सूबे में चौथा रैंक हासिल किया है. अभावों के बीच पढ़ाई के प्रति उसकी लगन व माता-पिता के बुलंद हौसले ने आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है.

बाइक मैकेनिक की बेटी बनी इंटर आर्ट्स की टॉपर

हाजीपुर. इंटर आर्ट्स में 94.6 प्रतिशत अंक लाकर वैशाली की अंकिता कुमारी स्टेट टॉपर बनी हैं. वैशाली जिले के चेहराकलां प्रखंड के अख्तियारपुर सेहान गांव की अंकिता कुमारी के पिता अनिल कुमार शर्मा बाइक मैकेनिक हैं. पिता की सेहान चौक पर दुकान है. वहीं मां बेबी शर्मा गृहिणी है. राजकीयकृत बीएन उच्च विद्यालय की छात्रा अपनी सफलता का श्रेय परिवार व शिक्षकों को देती हैं. वह आगे चलकर शिक्षिका बनना चाहती है. अनिता बताती है कि इंटर की परीक्षा में सफलता के लिए वह रोजाना आठ घंटे पढ़ाई करती थी. अंकिता बताती है कि बिहार टॉपर की जानकारी उसके पिता ने कॉल करके दी. उसके माता-पिता अभी हरिद्वार गये हुए हैं. अंकिता दो बहन व एक भाई है. बड़ी बहन बीए पार्ट वन की छात्रा है, जबकि भाई आठवीं कक्षा का छात्र है.

ऑटो ड्राइवर की बेटी बनी इंटर कॉमर्स की टॉपर

हाजीपुर. इंटर कॉर्मस की परीक्षा में 95 प्रतिशत मार्क्स लाकर वैशाली की रौशनी कुमारी स्टेट टॉपर बनी है. अभावों के बीच पढ़ाई के प्रति उसकी लगन व माता-पिता के बुलंद हौसले ने आज उसे इस मुकाम पर पहुंचाया है. हाजीपुर सदर प्रखंड की काशीपुर चकबीबी की रहने वाली व जमुनी लाल कॉलेज, हाजीपुर की छात्रा रौशनी सीए की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक समस्या की वजह से उसने सीएस की पढ़ाई करने का फैसला लिया है. उसके पिता सुधीर कुमार ऑटो चलाते हैं जबकि मां आरती देवी गृहिणी है. वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है. रौशनी बताती है कि वह प्रतिदिन कॉलेज और कोचिंग जाया करती थी. इसके अलावा सेल्फ स्टडी भी करती थी. वह रोजाना करीब दस घंटे पढ़ाई करती थी.

किसान के बेटे ने इंटर साइंस में हासिल किया चौथा रैंक

हाजीपुर. इंटर साइंस की परीक्षा में वैशाली के प्रशांत कुमार ने 95.4 प्रतिशत अंक लाकर सूबे में चौथा रैंक हासिल किया है. एबीएस इंटर कॉलेज लालगंज के छात्र प्रशांत कुमार आगे मेडिकल की तैयारी करना चाहते हैं, उनका सपना डॉक्टर बनने का है. वैशाली प्रखंड के चिंतामणिपुर गांव निवासी प्रशांत कुमार के पिता पंकज कुमार किसान हैं. वे सुधा दूध का सेंटर चलाते हैं. मां रेखा कुमारी एपीएचसी अभमा, वैशाली में एएनएम हैं. वह तीन भाई-बहन में सबसे छोटा है. राम कृष्ण मिशन विद्यापीठ पुरुलिया से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. प्रशांत बताते हैं कि परीक्षा अच्छा गया था. परिणाम से काफी खुश हूं. वह अपनी सफलता का श्रेय परिवार व शिक्षकों को देता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >