Hajipur News : हाजीपुर शहरी क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैशाली पुलिस ने अपराधियों और मनचलों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष महिला सुरक्षा दल अभया ब्रिगेड और गरूणा टीम शहर में लगातार गश्त और कार्रवाई कर रही हैं.
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस की ओर से शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाई गई है. इसके अलावा पार्क, मॉल, सिनेमाघर और बाजारों में सादे लिबास तथा वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वाहन जांच के साथ-साथ नियमित रूप से 'रोको-टोको' अभियान भी चलाया जा रहा है.
छेड़खानी करते युवक को दबोचा
सोमवार को नियमित गश्ती के दौरान अभया ब्रिगेड ने एक युवती से सरेआम छेड़खानी कर रहे युवक को मौके पर ही पकड़ लिया. वहीं शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नशा कर रहे कुछ अन्य युवकों को भी नशीले पदार्थों के साथ हिरासत में लिया गया. सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस की चेतावनी
वैशाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मनचलों, शोहदों और कानून तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें.
