Vaishali News: झारखंड की राजधानी रांची में ड्यूटी के दौरान सेना के जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वैशाली जिले के देसरी प्रखंड अंतर्गत रसलपुर हबीब गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान देसरी प्रखंड के चांदपुरा थाना क्षेत्र स्थित रसलपुर हबीब गांव निवासी तिलधारी पासवान के 36 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार के रूप में हुई है. वह रांची के नामकुम स्थित सेना इकाई में कुक के पद पर तैनात थे.
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. साथियों ने उन्हें तत्काल आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सेना के सहयोगियों ने घटना की जानकारी फोन पर परिजनों को दी.
मौत की खबर मिलते ही मचा कोहराम
जवान की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी प्रियंका कुमारी, पुत्र सौरभ कुमार, पुत्री साक्षी कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा है. परिजन और ग्रामीण उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया शोक
घटना पर स्थानीय विधायक महेंद्र राम, लोजपा (आर) के प्रदेश सचिव हरिहर पासवान, समाजसेवी मुकेश सिंह, रंजन सिंह, पूर्व मुखिया सुबोध ठाकुर, जिला परिषद सदस्य मोहित पासवान तथा शिक्षक अजय भगत सहित कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया. सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की.
इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग
