वैशाली: राजकीय डिग्री कॉलेज पटेढ़ी बेलसर में स्नातक की तीसरी मेधा सूची जारी, 11 जुलाई तक होगा नामांकन

Vaishali News: वैशाली जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज पटेढ़ी बेलसर ने स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए तीसरी मेधा सूची जारी कर दी है. चयनित छात्र-छात्राएं 8 से 11 जुलाई तक भौतिक सत्यापन कराकर नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. कॉलेज ने सीएलसी के अभाव में भी औपबंधिक नामांकन की विशेष अनुमति दी है.

Vaishali News: वैशाली जिले के राजकीय डिग्री महाविद्यालय पटेढ़ी बेलसर में स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम (सत्र 2026-30) के सेमेस्टर-1 में नामांकन के लिए तीसरी मेधा सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है. महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ रेशमा सुल्ताना ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी तीसरी मेधा सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 8 जुलाई से 11 जुलाई तक किया जाएगा.

सोरहत्था परिसर में सत्यापन

उन्होंने कहा कि मेधा सूची में चयनित सभी छात्र-छात्राएं अपने आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ राजकीय डिग्री महाविद्यालय के अस्थायी परिसर, प्राथमिक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सोरहत्था पहुंचकर भौतिक सत्यापन कराना सुनिश्चित करें. प्राचार्या ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया है कि बिना दस्तावेज सत्यापन के नामांकन की यह पूरी प्रक्रिया किसी भी स्थिति में वैध या पूरी नहीं मानी जाएगी.

बिना सीएलसी मिलेगा दाखिला

प्राचार्या ने छात्रों को राहत देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीएलसी (कॉलेज लीविंग सर्टिफिकेट) वर्तमान में उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी औपबंधिक (प्रोविजनल) नामांकन की विशेष अनुमति दी है. हालांकि, आगे चलकर विश्वविद्यालय स्तर पर रजिस्ट्रेशन के समय सीएलसी की मूल प्रति काउंटर पर जमा करना पूरी तरह अनिवार्य होगा.

माइग्रेशन सर्टिफिकेट है जरूरी

इसके साथ ही बिहार बोर्ड के अतिरिक्त अन्य बोर्ड या अन्य विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण होकर आने वाले विद्यार्थियों को नामांकन के समय ही माइग्रेशन प्रमाणपत्र की मूल प्रति भी अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी. उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रथम मेधा सूची के तहत अब तक केवल 15 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था, जबकि दूसरी मेधा सूची में एक भी छात्र-छात्रा ने नामांकन नहीं लिया.

तीसरी सूची बेहद अहम

महाविद्यालय में अब तक दोनों सूचियों को मिलाकर कुल 15 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है. ऐसे में सीटों को भरने के लिहाज से यह तीसरी मेधा सूची कॉलेज के नामांकन अभियान के लिए बेहद अहम मानी जा रही है. प्राचार्या ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर महाविद्यालय आकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.

Also Read: वैशाली के थानों में बदहाल हुई शिकायत पेटी व्यवस्था, कई जगह ताले में जंग तो कहीं पेटी ही गायब


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Patedhi

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >