वैशाली जिले में महिला थाना प्रभारी पर डायल 112 के चालक से एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है. इससे जुड़ा कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में मामला चर्चा में है. वायरल ऑडियो में महिला थाना प्रभारी पूर्णिमा कुमारी की आवाज होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
डीआईजी कार्यालय के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
वायरल ऑडियो में वैशाली पुलिस लाइन में डायल 112 के चालक नवलेश कुमार से तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी कार्यालय के नाम पर एक लाख रुपये की मांग किए जाने का दावा किया जा रहा है. आरोप है कि केस में राहत दिलाने के नाम पर यह रकम मांगी गयी. मामले का ऑडियो सामने आने के बाद तिरहुत रेंज के प्रभारी डीआईजी सत्यनारायण कुमार ने इसका संज्ञान लिया है.
प्रभात खबर वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.
पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि पूरा मामला नवलेश कुमार और उनकी पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है. नवलेश कुमार की पत्नी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ महिला थाना में जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज कराया था. इसी मामले में राहत दिलाने के नाम पर कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आयी है.
डीआईजी ने दिए जांच के आदेश
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद तिरहुत रेंज के प्रभारी डीआईजी सत्यनारायण कुमार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. डीआईजी के अनुसार, जांच में आरोप सही पाए जाने पर महिला थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
