Hajipur News : (हाजीपुर) गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के सहदुल्लापुर चांदनी स्कूल के पास ग्रामीणों ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पटना जिले के दो युवकों को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें गंगाब्रिज थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर डॉक्टर कॉलोनी निवासी सूरज कुमार और अभय कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है.
दरवाजे से चोरी हुई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, सहदुल्लापुर निवासी मदन सिंह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के दरवाजे से 8 अगस्त को एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी. धर्मेंद्र के अनुसार, बाइक उनके रिश्तेदार अमित कुमार की थी, जिसका इस्तेमाल वह स्वयं कर रहे थे. वाहन के कागजात उपलब्ध होने में देरी के कारण घटना के तत्काल बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी थी.
11 अगस्त की सुबह धर्मेंद्र पशुओं के लिए चारा लाने सहदुल्लापुर दियारा गए थे. इसी दौरान चांदनी स्कूल के पास उनकी नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी, जो उसी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर कर्णपुरा की ओर जा रहे थे.
पहचान होते ही भागने लगे आरोपित
धर्मेंद्र को देखते ही दोनों युवक बाइक लेकर भागने लगे. इसके बाद धर्मेंद्र ने ग्रामीणों की मदद से उनका पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक सहदुल्लापुर में एक घर के दरवाजे के पास से चोरी की गई थी. इसके बाद बाइक के वास्तविक मालिक अमित कुमार को मौके पर बुलाकर वाहन की पहचान कराई गई.
बाइक चोरी की पुष्टि होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. आक्रोशित लोगों ने दोनों आरोपितों की पिटाई कर दी. मारपीट में सूरज कुमार की आंख के नीचे चोट लगी, जबकि अभय कुमार उर्फ गोलू के शरीर और पैर में चोट आई.
पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
घटना की सूचना मिलने पर गंगाब्रिज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
