Vaishali News : वैशाली पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत महुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.17 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और दो बाइक भी जब्त की है. दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इसकी जानकारी महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में दी.
गुप्त सूचना पर मिर्जानगर में हुई छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जानगर गांव में कुछ लोग अवैध हेरोइन की बिक्री की तैयारी में जुटे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद समेत पुलिस टीम ने एसडीपीओ के नेतृत्व में मौके पर छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
हेरोइन, मोबाइल और बाइक जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20.17 ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भदवास गांव निवासी अभिषेक कुमार (पिता- रुदल राय) और मिर्जानगर गांव निवासी विशाल कुमार (पिता- अवधेश राय) के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ महुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं. मामले में अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ महुआ थाना में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं. इसके अलावा राजापाकर थाना में गैरकानूनी गतिविधियों तथा जीआरपी कटिहार में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है. पुलिस दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है.
