Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर राजखंड में तीन दिन पहले हुई चोरी के मामले में ग्रामीणों ने खुद जांच करते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया. आरोपित की निशानदेही पर चोरी किये गये सामान को भी बरामद किया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर आरोपित को पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
दरवाजे से चोरी हुई थीं 17 एलईडी मेटल लाइट
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर सजावट का कारोबार करने वाले बिशनपुर राजखंड निवासी आशीष कुमार, पिता महेंद्र सिंह, के दरवाजे से 17 पीस एलईडी मेटल लाइट चोरी हो गयी थीं. घटना के समय आशीष के पिता दरवाजे पर सोये हुए थे.
इस मामले में आशीष कुमार ने बिदुपुर थाना में चकमसुद निवासी गौतम कुमार एवं अन्य के विरुद्ध आवेदन दिया था. आवेदन में बताया गया था कि चोरी कर भागने के दौरान दूर से ही गौतम कुमार की पहचान हो गयी थी, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी थी.
बिदुपुर बाजार में आरोपित को ग्रामीणों ने पकड़ा
रविवार की सुबह बिदुपुर बाजार के पास आशीष कुमार की नजर गौतम कुमार पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने उसे पकड़ लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर गौतम ने चोरी करने की बात स्वीकार की.
आरोपित ने बताया कि चोरी का सामान बिदुपुर परती के पास स्थित दीपक टेंट हाउस के प्रोपराइटर दीपक कुमार को बेच दिया है.
दीपक के घर से सात एलईडी लाइट बरामद
इसके बाद आशीष कुमार और ग्रामीण गौतम को लेकर दीपक कुमार के घर पहुंचे. वहां से चोरी की सात पीस एलईडी मेटल लाइट बरामद की गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपित को पुलिस के सुपुर्द कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
