Hajipur News: गोरौल थाना क्षेत्र में एक छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाकर मक्के के खेत में ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के पीरपुर गांव निवासी नितेश कुमार और अमरनाथ सिंह के रूप में हुई है. मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
एसपी ने बताया कि 20 जुलाई को पीड़िता के पिता ने गोरौल थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि 18 जुलाई को आलोक कुमार उर्फ प्रद्युम्न कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने उनकी बेटी को जबरन बाइक पर बैठाकर मक्के के खेत में ले जाया और दुष्कर्म किया. घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए नितेश कुमार और अमरनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान नितेश कुमार ने बताया कि कोचिंग से लौटने के दौरान आलोक कुमार ने पीड़िता को जबरन बाइक पर बैठाया था और वह खुद भी उसी बाइक पर पीछे बैठा था. इसके बाद पीड़िता को मजीराबाद गांव स्थित मक्के के खेत में ले जाया गया, जहां दुष्कर्म की घटना हुई.
पीड़िता ने दोनों पर लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार नितेश कुमार ने पूछताछ में दावा किया कि वह घटनास्थल पर मौजूद था, लेकिन उसने दुष्कर्म नहीं किया. हालांकि पीड़िता ने अपने बयान में कहा है कि आलोक कुमार और नितेश कुमार दोनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया.
मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी
एसपी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी आलोक कुमार के पिता को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं मुख्य आरोपी आलोक कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटा रही है.
