Hajipur Crime News : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक निवासी एक ट्रक मालिक पर अपने ही चालक को चार दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता प्रभात खबर पुष्टि नहीं करता है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
जुर्माना नहीं देने पर बंधक बनाने का आरोप
पीड़ित चालक की पहचान जमुई जिले के अधारा गांव निवासी उमेश सिंह के पुत्र हरकिशन सिंह के रूप में हुई है. पीड़ित के अनुसार, वह पिछले 15-20 दिनों से थाना चौक निवासी एक व्यक्ति का ट्रक चला रहा था. बताया गया कि इस दौरान ट्रक कहीं फंस गया था. इसके बाद ट्रक मालिक ने चालक पर जुर्माने की राशि भरने का दबाव बनाया. पीड़ित का आरोप है कि जुर्माने की रकम नहीं दे पाने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और चार दिनों तक लगातार मारपीट की गई.
भागकर समाहरणालय पहुंचा चालक
पीड़ित के अनुसार, सोमवार को वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा और भागते हुए हाजीपुर समाहरणालय परिसर के पास पहुंचा. वहां उसने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी.
वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. वीडियो में एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
